
उत्तराखंड – अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2025 भी शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा कर चारधाम यात्रा के सफल आयोजन और देश व प्रदेश की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
सीएम पुष्कर सिंह धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। इस अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार बुधवार सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची।
गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना व अभिषेक के साथ सुबह 10.30 बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। शनिदेव महाराज की अगुवाई में मां यमुना की पालकी शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची।
यमुनोत्री धाम के कपाट धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सुबह 11.55 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किए और गंगा व यमुना में स्नान कर पुण्य कमाया।
गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गंगा व यमुना के मंदिरों में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की।
सीएम धामी ने दोनों धामों में पहुंची लोक देवताओं की पालकियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो गई है। उत्तराखंड के चार धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और हर श्रद्धालु इन धामों के दर्शन का सौभाग्य पाने की आकांक्षा रखता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सुरक्षित और सुव्यवस्थित चार धाम यात्रा के लिए राज्य में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सहजता को ध्यान में रखते हुए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि अतिथि देवो भव: की परंपरा के अनुसार हमारा प्रयास है कि चार धाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड से दिव्य धामों के आशीर्वाद के साथ ही यात्रा का सुखद अनुभव लेकर जाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से ग्रीन और क्लीन चार धाम यात्रा के आयोजन में सहयोग की अपील भी की है।
गंगोत्री धाम में कपाट खुलने के अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण,
भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, किशोर भट्ट, जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल आदि मौजूद थे।
मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी एस.एल. यमुनोत्री धाम में कपाट खुलने के अवसर पर सेमवाल, उप जिलाधिकारी ब्रिजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, सचिव श्री सुनील उनियाल भी उपस्थित थे।

