“गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, एडीएम बोले– महापुरुषों के विचार हैं विश्व के लिए प्रेरणास्रोत”

ख़बर शेयर करे -

रूद्रपुर – जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने दोनों महापुरुषों के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत गांधीजी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” के साथ हुई।

एडीएम मिश्र ने जनपदवासियों को गांधी-शास्त्री जयंती एवं विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों से पूरी दुनिया को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी विश्व के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों का शांतिपूर्ण समाधान प्रस्तुत किया और “अनेकता में एकता” का अद्वितीय उदाहरण दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्म को निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए, क्योंकि कर्म ही पूजा है। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास में ही राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।

एडीएम ने देश के दूसरे प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका दिया नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी देश की ताकत और विकास का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ें, तभी देश नई ऊँचाइयों को छू सकेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें अपने आचरण में अहिंसा और टीम भावना का समावेश करना चाहिए। किसी भी कार्य को यदि सामूहिक रूप से किया जाए तो सफलता निश्चित होती है।

See also  उत्तराखंड_अभी और ठंड से नहीं मिलेगी निजात, इन 5 ज़िलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में तहसीलदार दिनेश कुटौला, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या, देव प्रकाश चक्रवर्ती सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -