
रुद्रपुर – स्थानीय होटल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्व. स्नेहपाल सिंह (बाबू जी) के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय स्नेहपाल सिंह के बड़े भाई ओमपाल जी से मुलाक़ात कर शोक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्व. स्नेहपाल सिंह ने बाल्यकाल से ही स्वयं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को समर्पित कर दिया था। लगभग 18 वर्ष की आयु में उन्होंने प्रचारक के रूप में कार्य शुरू किया और आजीवन राष्ट्रहित व समाज सेवा में जुटे रहे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व केंद्रीय सह मंत्री तथा एकल अभियान उत्तराखण्ड संभाग के मार्गदर्शक रहे।
उन्होंने हरियाणा, जोधपुर और उत्तराखंड में प्रांत संगठन मंत्री के रूप में समाज में राष्ट्र चेतना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. स्नेहपाल सिंह का पूरा जीवन संघ और राष्ट्र को समर्पित रहा।
उनके बड़े भाई ओमपाल भी संघ में वरिष्ठ प्रचारक के रूप में कुटुम्ब प्रबोधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्र व समाज को समर्पित इस महान आत्मा को कोटि-कोटि नमन।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, दीपक बाली, उत्तम दत्ता, बलराज पासी,
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत समाज और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने स्व. स्नेहपाल सिंह को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


