ईदगाह मैदान प्रकरण को लेकर सपा नेताओं का दौरा, प्रशासनिक कार्रवाई पर जताई चिंता

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – (एम. सलीम खान, संवाददाता) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद यादव ने गुरुवार सुबह रुद्रपुर स्थित ईदगाह मैदान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाक़ात कर हाल के घटनाक्रम को लेकर जानकारी प्राप्त की।

मौके पर उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेता मजहर रिज़वी ने बताया कि बीते कुछ दिनों पूर्व जिला प्रशासन द्वारा ईदगाह मैदान को लेकर की गई कार्रवाई से स्थानीय लोगों में असमंजस और चिंता का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि यह मैदान लंबे समय से उपयोग में रहा है और अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से समुदाय विशेष में भय की स्थिति उत्पन्न हुई है।

उनका यह भी कहना था कि इस पूरे प्रकरण पर कुछ जनप्रतिनिधियों की सार्वजनिक टिप्पणियों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा नेता अरविंद यादव ने कहा कि प्रशासनिक निर्णयों में निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी वर्ग के साथ अन्याय हुआ है तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उसके विरुद्ध आवाज़ उठाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि पूरे मामले पर पार्टी स्तर पर विचार किया जा सके। इस दौरान विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। सपा नेताओं ने प्रशासन से अपील की कि किसी भी कार्रवाई से पहले स्थानीय पक्षों से संवाद स्थापित किया जाए, जिससे सामाजिक सौहार्द बना रहे।


ख़बर शेयर करे -
See also  हल्द्वानी_रोडवेज स्टेशन में कंडक्टर से मारपीट का वीडियो वायरल,जांच में जुटी पुलिस - देखें वीडियो