आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर स्वास्थ्य विभाग का शानदार प्रदर्शन, डॉ. संजीव सरना राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित

ख़बर शेयर करे -

सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में ऊधम सिंह नगर को मिली बड़ी पहचान, स्वास्थ्य सेवाओं के उत्कृष्ट कार्यों की हुई सराहना

रुद्रपुर – उत्तराखण्ड सरकार के नियोजन विभाग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद/विकासखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों एवं विभागों को सम्मानित करने के लिए राज्य स्तरीय ‘सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन, देहरादून में संपन्न हुआ।

जुलाई 2024 से सितम्बर 2024 की अवधि के दौरान निर्धारित 06 प्रमुख संकेतांकों पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले जनपदों को इस समारोह में सम्मानित किया गया। इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर जनपद की ओर से स्वास्थ्य विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. संजीव सरना को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों और प्रभावी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. संजीव सरना को यह सम्मान प्रमुख सचिव, नियोजन विभाग, उत्तराखण्ड शासन श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, लक्षित संकेतांकों की प्रभावी पूर्ति एवं सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए दिया गया।

समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में संचालित विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे नवाचारपूर्ण और परिणामोन्मुखी कार्यों को सार्वजनिक मंच पर मान्यता प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जनपदों से आए विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि टीमवर्क, समर्पण और सतत प्रयासों का ही यह सकारात्मक परिणाम है।

See also  लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सीएम धामी ने लिया एक्शन सेवानिवृत्त करने के आदेश

ख़बर शेयर करे -