
रूद्रपुर – सिविल लाइन क्षेत्र में माइंड पावर यूनिवर्सिटी, भीमताल के नये केन्द्र का भव्य शुभारम्भ महापौर विकास शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए द्वार खोलेगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
शुभारम्भ समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जिला मुख्यालय रूद्रपुर तेजी से एजुकेशन हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार नये शिक्षण संस्थानों की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि रूद्रपुर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है। माइंड पावर यूनिवर्सिटी द्वारा यहां केन्द्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा एवं प्रोफेशनल कोर्स के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
महापौर ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगारपरक और स्किल आधारित शिक्षा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें स्किल डेवलपमेंट को निरंतर प्रोत्साहित कर रही हैं। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत वोकेशनल कोर्स और स्किल ट्रेनिंग को शिक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बनाया गया है, जिससे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार के लिए भी तैयार हो सकें।
उन्होंने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में पहले से ही कई बड़े उद्योग स्थापित हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से आने वाले समय में रूद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में अनेक नये उद्योग स्थापित होने जा रहे हैं। इससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, लेकिन इसके लिए आवश्यक है कि युवा उद्योगों की मांग के अनुरूप स्किल आधारित शिक्षा प्राप्त करें।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि माइंड पावर यूनिवर्सिटी द्वारा मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस, हॉस्पिटल मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, सोशल साइंस जैसे आधुनिक और उपयोगी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों से युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन से विशेष रूप से शहर की बालिकाओं को शिक्षा में प्राथमिकता देने का आह्वान किया और आश्वस्त किया कि नगर निगम शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के डीन एकेडमिक्स डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव शिक्षा होती है। माइंड पावर यूनिवर्सिटी का लक्ष्य है कि कोई भी छात्र स्किल और प्रोफेशनल शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि संस्थापक डॉ. योगेश कुमार के विजन के तहत यूनिवर्सिटी द्वारा हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। डॉ. सुरेश कुमार ने घोषणा की कि रूद्रपुर केन्द्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता दी जाएगी तथा बालिकाओं को विशेष शैक्षिक छूट भी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर माइंड पावर यूनिवर्सिटी प्रबंधन द्वारा महापौर विकास शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर कम्युनिकेशन के.डी. सिंह, विपिन चंद्र पाण्डे, आदर्श जोशी, माधुरी गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, गोपाल सिंह पटवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


