
हर वर्ग के कल्याण का रोडमैप है केंद्रीय बजट, ‘विकसित भारत’ की दिशा में बड़ा कदम
रुद्रपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने इसे ‘विकसित भारत’ की मजबूत आधारशिला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस ब्लूप्रिंट है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में बजट केवल कागजी दावों और झूठे आंकड़ों तक सीमित रह जाते थे, जिनका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं होता था।
इसके विपरीत, मोदी सरकार का यह नौवां बजट परिणाम देने वाला, पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था को सशक्त करने वाला है। आज देश एक मजबूत और परिणामोन्मुखी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र पर प्रकाश डालते हुए महापौर ने कहा कि एक समय भारत जापान जैसी बुलेट ट्रेनों और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के उदाहरण देता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी विजन के चलते वही अत्याधुनिक ट्रेनें और विश्वस्तरीय तकनीक भारत की पटरियों पर दौड़ रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विकास हुआ है, जिससे व्यापार, उद्योग और आमजन के आवागमन में अभूतपूर्व तेजी आई है।
युवाओं और व्यापारियों के हितों की बात करते हुए महापौर ने कहा कि पहले युवाओं को छोटे-से ऋण के लिए बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते थे और बिचौलियों का सामना करना पड़ता था।
लेकिन आज मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और अन्य योजनाओं के माध्यम से युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को सरल और पारदर्शी तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ‘स्वरोजगार’ देश का नया संकल्प बन चुका है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग को राहत देने, किसानों की आय बढ़ाने और व्यापारियों के लिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को और सशक्त करने वाला है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट नए भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।


