रुद्रपुर में विकास का महाकुंभ: मुख्यमंत्री धामी ने ₹295 करोड़ की 61 परियोजनाओं का किया लोकार्पण–शिलान्यास

ख़बर शेयर करे -

सरस आजीविका मेला-2026 बना विकास का मंच, घोषणाओं और योजनाओं से रुद्रपुर को मिला नया विज़न

रुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में आयोजित भव्य ऊधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद ऊधमसिंह नगर के चहुंमुखी विकास को गति देने के उद्देश्य से कुल ₹295.21 करोड़ की लागत से 61 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री धामी ने ₹123.91 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 26 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें चिकित्सा विभाग का ₹20.35 करोड़ का 01 कार्य, लोक निर्माण विभाग के ₹9.01 करोड़ के 05 कार्य, नगर निगम रुद्रपुर के ₹38.60 करोड़ के 09 कार्य, पशुपालन विभाग का ₹4.74 करोड़ का 01 कार्य, संस्कृति विभाग का ₹95 लाख का 01 कार्य, सिंचाई विभाग के ₹26.52 करोड़ के 02 कार्य, खेल विभाग के ₹19.02 करोड़ के 04 कार्य, शिक्षा विभाग का ₹3.18 करोड़ का 01 कार्य, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का ₹96 लाख का 01 कार्य तथा नगर पालिका परिषद बाजपुर का ₹58 लाख का 01 कार्य शामिल है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने ₹171.30 करोड़ की लागत से 35 नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें लोक निर्माण विभाग के ₹93.92 करोड़ के 05 कार्य, नगर निगम रुद्रपुर के ₹59.53 करोड़ के 19 कार्य, पशुपालन विभाग का ₹3.47 करोड़ का 01 कार्य, शिक्षा विभाग के ₹7.41 करोड़ के 02 कार्य तथा ग्रामीण निर्माण विभाग के ₹6.97 करोड़ के 08 कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कुल पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए भव्य शिव प्रतिमा की स्थापना की घोषणा की। इसके अलावा नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा क्षेत्र में आवास निर्माण, भूरारानी एवं गंगापुर रोड के चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष की राशि ₹02 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ किए जाने की भी घोषणा की।

See also  भीमताल_मतदाताओं को जागरूक करने पर हुई समूह चर्चा

इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के पैर पखारकर उनका अभिनंदन किया और अंगवस्त्र व पुष्पमालाएं भेंट कीं। त्रिशूल चौक से सरस मेला स्थल गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में मुख्यमंत्री स्वयं सम्मिलित हुए। शिव बारात के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री का फूलमालाओं और पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज उन्हें रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए ₹288 करोड़ से अधिक की लागत की 61 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मजबूत आधार बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड राज्य निरंतर विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहरों से लेकर सुदूर पर्वतीय गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में ऊधमसिंह नगर जनपद और रुद्रपुर क्षेत्र के विकास के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि लगभग ₹590 करोड़ की लागत से रुद्रपुर बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं रुद्रपुर को खटीमा-टनकपुर एवं गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली फोरलेन सड़कों का निर्माण भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि लगभग ₹55 करोड़ की लागत से मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होते हुए सीधे हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, नई सिग्नल लाइनें और दो रेल ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए रुद्रपुर मास्टर ड्रेनेज प्लान को स्वीकृति दी गई है तथा सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स का निर्माण भी किया जा रहा है।

See also  किच्छा में आयुर्वेदिक संगोष्ठी और विशाल चिकित्सा शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया नि:शुल्क लाभ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रुद्रपुर में ₹15 करोड़ की लागत से उत्तराखंड का पहला कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट तथा ₹17 करोड़ की लागत से एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट स्थापित किया गया है। किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गदरपुर और खटीमा में बाईपास का निर्माण कराया गया है, जबकि खटीमा और किच्छा में नए बस अड्डों का निर्माण भी प्रगति पर है। रुद्रपुर, गदरपुर और चकरपुर में खेल स्टेडियम, बहुउद्देश्यीय हॉल, साइकिलिंग ट्रैक और एथलेटिक्स ट्रैक जैसी आधुनिक खेल सुविधाओं का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क तथा खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना कर क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पूर्ण होने से पूरे तराई क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने बंगाली समाज से जुड़े विषय पर कहा कि दशकों से यहां रह रहे बंगाली समाज के लोगों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। जाति प्रमाण पत्रों से पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित शब्द हटाए गए हैं तथा नजूल भूमि पर बसे परिवारों को मालिकाना हक प्रदान किया गया है।

See also  योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन,महापौर ने योग दिवस पर दिया नियमित योग करने का संदेश

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समग्र विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी के संरक्षण के लिए भी पूरी तरह संकल्पबद्ध है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, मदरसा बोर्ड समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के गठन, सख्त नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री धामी ने सरस मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया, स्वयं दीये बनाए और सूत काता। सरस मेले के प्रथम दिवस पर आयोजित स्टार नाइट के अंतर्गत शिव जागरण कार्यक्रम में उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।


ख़बर शेयर करे -