हल्द्वानी के नए एसडीएम प्रमोद कुमार ने संभाला पदभार, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – शहर के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने आज औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ हो।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीएम ने कहा कि प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्य और न्यायालय से जुड़े मामलों की बड़ी संख्या वर्तमान में लंबित है।

इन सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा, जिससे आम जनता को अनावश्यक भटकाव से निजात मिले और उन्हें समय पर न्याय प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्रों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

एसडीएम प्रमोद कुमार ने यह भी बताया कि शहर में सरकार द्वारा संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या तकनीकी समस्या सामने आती है तो तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पूर्व में सामने आए फर्जी प्रमाण पत्रों के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम ने कहा कि इन मामलों में चल रही जांच यथावत जारी रहेगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने दोहराया कि प्रशासन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करेगा तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेगा।

See also  कैंची धाम:-खाकी की दिलेरी,पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आए बच्चे को बचाया, देखें Video

ख़बर शेयर करे -