त्योहारों से पहले हल्द्वानी के बाजारों में अतिक्रमण पर सख्ती, नगर निगम चलाएगा विशेष अभियान

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट किया है कि बाजारों में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और व्यवस्था सुधारने के लिए जल्द ही व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि त्योहारों से पहले लगातार अतिक्रमण की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से मुनादी कराकर व्यापारियों और आम लोगों को पहले ही सचेत किया जा रहा है। कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा चुकी है, ताकि बाजारों में सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आने वाले दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा।

व्यापार मंडलों के साथ हुई बैठक को लेकर नगर आयुक्त ने बताया कि सभी व्यापारी प्रतिनिधि पिछली बैठक में शामिल नहीं हो सके थे, इसलिए जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने सहमति जताई थी कि यदि कोई व्यापारी अतिक्रमण करता है तो व्यापार मंडल उसका समर्थन नहीं करेगा और प्रशासन की कार्रवाई में पूरा सहयोग देगा।

नगर निगम ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान हल्द्वानी के बाजारों में व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

See also  गदरपुर ब्लॉक की 193 मतदान पार्टिया नवीन मंडी से हुई रवाना

ख़बर शेयर करे -