
उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय में धमकी भरा ई-मेल, परिसर कराया गया खाली
सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच के बाद न्यायिक कार्यवाही अस्थायी रूप से प्रभावित
नैनीताल – उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया। मुख्य न्यायाधीश सहित अन्य सभी न्यायाधीशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचीं। न्यायालय परिसर के अंदर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा कारणों से न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वारों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जबकि आसपास के आवागमन पर भी निगरानी बढ़ा दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय तक कोर्ट नंबर 4, 5 और 6 में न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन बाद में सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। अधिवक्ता न्यायालय परिसर के मैदान में एकत्रित होकर स्थिति की जानकारी लेते रहे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह रावत ने बताया कि उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को सेनिटाइज करने की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने कहा कि न्यायालय और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, विस्तृत जांच के बाद स्थिति सामान्य होने पर न्यायिक कार्यवाही पुनः प्रारंभ की जाएगी। फिलहाल पूरे परिसर में सुरक्षा बल तैनात हैं और जांच प्रक्रिया जारी है।


