उधम सिंह नगर कार्निवाल सरस मेला 2026 का भव्य समापन, पांडवाज बैंड की धुनों पर झूमे दर्शक

ख़बर शेयर करे -

संगीत, संस्कृति और स्वरोज़गार का संगम बना सरस आजीविका मेला, बॉलीवुड उत्तराखंड संध्या ने बांधा समां

उधम सिंह नगर – कार्निवाल सरस आजीविका मेला 2026 का समापन दिवस सांस्कृतिक रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर रहा। समापन अवसर पर आयोजित “बॉलीवुड उत्तराखंड संध्या” में प्रदेश के एमटीवी वाइड ग्रुप ने आधुनिक संगीत प्रस्तुत कर मेले में पहुंचे जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान युवा और परिवार संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए।

इसके उपरांत उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने वाले प्रसिद्ध पांडवाज बैंड ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। पारंपरिक और आधुनिक संगीत के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को देर तक थिरकने पर मजबूर कर दिया। उनके ऊर्जावान मंच प्रदर्शन ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय वातावरण में बदल दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “धरोहर” थीम पर विशेष फैशन शो भी आयोजित किया गया, जिसमें साड़ी, पहाड़ी पिछौड़ा और पंजाबी परिधानों के आकर्षक संकलन प्रस्तुत किए गए। दर्शकों ने इस सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना की और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समापन दिवस पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने सभी कलाकारों का स्वागत करते हुए अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने सरस मेले की सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड सरकार और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।

सरस आजीविका मेला 2026 ने न केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वरोज़गार को बढ़ावा देने के लिए मंच प्रदान किया, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सहभागिता को भी सशक्त किया। यह आयोजन विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ने में सफल रहा।

समापन अवसर पर महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जी.बी. पंत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

See also  हल्द्वानी_नशा मुक्ति अभियान के तहत मेडिकल स्टोर पर बड़ी छापेमारी, अवैध नशे की दवाइयां बरामद

कार्यक्रम में मेले के सफल आयोजन में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन ने जनपद में सांस्कृतिक उत्सव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।


ख़बर शेयर करे -