
गदरपुर/रुद्रपुर – (शादाब हुसैन) जनपद उधम सिंह नगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गदरपुर के एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ कुमायूं यूनिट, कोतवाली गदरपुर पुलिस और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार गदरपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी 53 वर्षीय राजकुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से 9416 ट्रामाडोल मिश्रित प्रतिबंधित कैप्सूल, 1300 अल्प्राजोलाम टैबलेट और 51 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए। ये सभी दवाएं एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह इन प्रतिबंधित दवाओं को कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।



