
कुवैत, सऊदी, बहरीन और यूएई में फंसे अपने नागरिकों की मदद को आगे आया जिला प्रशासन
हल्द्वानी।
खाड़ी देशों में जारी सैन्य तनाव के बीच विदेशों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सुरक्षित वापसी को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जनपद नैनीताल के जो लोग कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किसी कारणवश फंसे हुए हैं, उनके लिए प्रशासन ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि समय रहते उनकी सहायता की जा सके।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे मौजूदा हालात को देखते हुए विदेशों में रह रहे जनपद के नागरिकों से संबंधित जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का परिजन इन देशों में फंसा हुआ है, तो वह जारी हेल्पलाइन नंबरों या ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकता है। इससे शासन और प्रशासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर उनकी सुरक्षित भारत वापसी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
जारी किए गए हेल्पलाइन संपर्क इस प्रकार हैं –
कुवैत: +965 6550 1946
ईमेल – community.kuwait@mea.gov.in
सऊदी अरब: +966 11 4884697
ईमेल – cw.riyadh@mea.gov.in
बहरीन: +973 3941 8071, +973 3840 0433
यूट्यूब – Embassy of India, Bahrain
यूएई: +971 2 4492700
वेबसाइट – www.indembassyuae.gov.in
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और सत्यापित स्रोतों पर ही भरोसा करें तथा अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ लगातार संपर्क में है।
प्रशासन का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के खाड़ी देशों में फंसे होने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।



