रुद्रपुर को जलभराव से मिलेगी राहत, 460 करोड़ की ड्रेनेज परियोजना को मिली मंजूरी

ख़बर शेयर करे -

मानसून की समस्या से निपटने को बड़ा कदम, पहले चरण के लिए 111 करोड़ जल्द जारी

रुद्रपुर – शहरवासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। वर्षों से मानसून के दौरान जलभराव की समस्या झेल रहे रुद्रपुर को अब इस परेशानी से जल्द ही निजात मिल सकती है।

शहर के ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने के लिए तैयार की गई लगभग 460 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। इस योजना के पहले चरण के तहत 111 करोड़ रुपये की पहली किस्त जल्द जारी होने की संभावना है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए महापौर विकास शर्मा ने बताया कि शहर में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। उन्होंने बताया कि पहले करीब 300 करोड़ रुपये की एक पुरानी योजना फाइलों में लंबित थी। शहर की समस्या को देखते हुए उन्होंने इस विषय को गंभीरता से उठाया और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कई बार मुलाकात कर ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

महापौर के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने शहर का विस्तृत सर्वेक्षण किया। साथ ही स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल करते हुए एक नया और व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार किया गया। इसके बाद करीब 460 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान तैयार किया गया, जिसका उद्देश्य पूरे शहर में बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करना है।

इस परियोजना के तहत रुद्रपुर शहर को चार अलग-अलग जोनों में विभाजित किया गया है। योजना के पहले चरण में जोन-1 को शामिल किया गया है, जिसमें वार्ड संख्या 1 फुलसूंगा और वार्ड संख्या 16 बगवाड़ा क्षेत्र आते हैं। इस चरण के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा। पहले चरण के कार्यों की प्रगति के आधार पर आगे के चरणों के लिए शेष बजट जारी किया जाएगा।

See also  हल्द्वानी में सरकार के खिलाफ़ कोंग्रेस का हल्ला बोल,कई मुद्दों को लेकर निकाली गई जन आक्रोश रैली

महापौर विकास शर्मा ने इस योजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रुद्रपुर के विकास में अहम भूमिका निभाएगी और भविष्य में शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर का समग्र विकास और बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकता है।

महापौर के अनुसार इस योजना के लागू होने के बाद रुद्रपुर में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और आने वाले वर्षों में शहर को आधुनिक और जलभराव मुक्त शहर के रूप में नई पहचान मिल सकेगी।


ख़बर शेयर करे -