उत्तराखंड के युवाओं के लिए ग्राफिक एरा की बड़ी पहल, इंजीनियरिंग डिप्लोमा और होटल मैनेजमेंट की मिलेगी फ्री ट्रेनिंग

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। ग्राफिक एरा के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग निशुल्क दी जाएगी। इसके साथ ही सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए भी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाशाली युवाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने विश्वविद्यालय की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की छात्रा मीनल नेगी का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाली मीनल नेगी की सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त नहीं कर पाते। ऐसे युवाओं को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा ने देहरादून और भीमताल परिसरों में इंजीनियरिंग डिप्लोमा और होटल मैनेजमेंट के एक वर्षीय कोर्स निशुल्क कराने का निर्णय लिया है। इन कोर्सों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल होंगे। चयनित छात्र-छात्राओं को केवल अपनी आवासीय व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

डॉ. घनशाला ने बताया कि उत्तराखंड के कई युवा बिना औपचारिक प्रशिक्षण के होटल उद्योग में काम करने लगते हैं, जिससे उनके करियर की संभावनाएं सीमित हो जाती हैं। ऐसे युवाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण देने के लिए होटल मैनेजमेंट के साथ इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें इस क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें।

See also  तो क्या 25 हजार से भी कम लोगों ने सुना पीएम मोदी का संबोधन,भीड़ का दावा करने वाले भाजपाईयों के दावे कहाँ तक सच

पत्रकार वार्ता के दौरान ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक कर्नल ए.के. नायर, डॉ. हिमानी सेमवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।


ख़बर शेयर करे -