
हल्द्वानी – नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र में एलपीजी गैस की कथित कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर उत्तराखण्ड चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के कुमाऊँ मण्डल अध्यक्ष डॉ. हरीश पाल और स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

डॉ. हरीश पाल ने कहा कि कुछ लोग एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर रहे हैं। इसके कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गैस सिलेंडर करीब दो-दो हजार रुपये तक ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि जनता की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
वहीं स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट ने कहा कि गैस सिलेंडर केवल एक वस्तु नहीं बल्कि हर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार की रसोई की जीवनरेखा है। एलपीजी गैस की कालाबाजारी किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि जब कुछ लोग अपने निजी लाभ के लिए गैस की कृत्रिम कमी पैदा करते हैं, तो उसका सीधा असर आम लोगों की रसोई पर पड़ता है।
सुशील भट्ट ने प्रशासन से मांग की कि अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए, उनके स्टॉक को जब्त किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि एलपीजी गैस की आपूर्ति आम जनता तक सुचारु रूप से पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. हरीश पाल, सुशील भट्ट, के.एस. काण्डपाल, पी.सी. दानी, डी.एन. जोशी, भुवन तिवारी, प्रकाश जोशी, भास्कर साह, विकास कुमार, पवन अर्पित पाल, अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।



