
उधम सिंह नगर – रुद्रपुर में अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर शस्त्रों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पूरे जनपद में 15 दिन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि हथियारों के साथ फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स सहित अन्य माध्यमों पर सतर्क निगरानी रखी जाए और अवैध शस्त्र रखने वाले या फायरिंग कर वीडियो वायरल करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
पुलिस का कहना है कि ऐसे कृत्यों से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है, जिसे किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। अभियान के पहले ही दिन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पांच अवैध तमंचे और तेरह कारतूस बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के तहत कोतवाली जसपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। वहीं कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस 315 बोर और पांच कारतूस 12 बोर बरामद किए। इसी तरह कोतवाली सितारगंज पुलिस ने भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल अवैध हथियारों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।



