अवैध खनन ऑडियो कांड में बड़ी कार्रवाई, इकबालपुर चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित

ख़बर शेयर करे -

सीएम पुष्कर सिंह धामी का सख्त रुख, अवैध खनन और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

उत्तराखंड – हरिद्वार जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  के निर्देश पर हरिद्वार जनपद की इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई इस कार्रवाई को अवैध खनन और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से संबंधित एक ऑडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार के एसएसपी नवनीत भुल्लर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी के छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए प्रकरण एसपी देहात को सौंप दिया गया है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार और किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों और कर्मचारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

See also  किच्छा_लाखों रुपए की स्मेक सहित तीन महिलाओं सहित पांच गिरफ्तार

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए और यदि कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


ख़बर शेयर करे -