चिंगारी से मची तबाही: गुर्जर बस्ती में भीषण आग, 6 घर जलकर खाक

ख़बर शेयर करे -

विकासनगर (देहरादून) – सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रा कॉलोनी, मेदनीपुर स्थित गुर्जर बस्ती में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते छह कच्चे मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित लाखों रुपये का घरेलू सामान स्वाहा हो गया, जबकि कई परिवार बेघर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घास-फूस और मिट्टी से बने कच्चे घरों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही सहसपुर थाना पुलिस, सभावाला चौकी पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल विभाग की तत्परता से आसपास के अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

आग लगने का कारण

सहसपुर थाना के एसएसआई मनमोहन सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के बड़े सदस्य खेतों में गेहूं की कटाई के लिए गए हुए थे और घर पर केवल बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान रसोई से उठी एक चिंगारी सूखे घास-फूस में जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते अन्य घरों तक फैल गई।

कोई जनहानि नहीं

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। हालांकि आग से छह घरों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया और प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

See also  लालकुआँ_आरपार की लड़ाई "गौला नदी के श्रमिक और खनन कार्य से जुड़े हजारों ने किया धरना प्रदर्शन,शहर में निकाला जुलूस"एसडीएम को सौपा ज्ञापन

प्रभावित परिवार

इस आगजनी में मुस्तका पुत्र कासिम, सदाम पुत्र मुस्तका, याकूब पुत्र गुस्तफा, यामीन, जाफर पुत्र मुस्तफा और बसीर पुत्र गुलाम के घर पूरी तरह जल गए हैं। सभी पीड़ित सहसपुर के इंद्रा कॉलोनी, मेदनीपुर स्थित गुर्जर बस्ती के निवासी हैं।

प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


ख़बर शेयर करे -