हल्द्वानी_महिला से चेन स्नैचिंग करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, सोने की चेन और तमंचा बरामद

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – भोटियापड़ाव क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए हल्द्वानी पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त हाईस्पीड बाइक और अवैध तमंचा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को भोटियापड़ाव क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश द्वारा एक महिला से सोने की चेन छीनकर फरार होने की घटना सामने आई थी। मामले में काठगोदाम निवासी महिला ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक सिटी हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे आरआर 310 मोटरसाइकिल, एक अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस जांच में आरोपी एक शातिर हिस्ट्रीशीटर निकला, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में पुलिस मुठभेड़ों में भी घायल हो चुका है।

See also  यहाँ तेज़ गति से आ रही होंडा अमेज़ कार पल्टी, दो की मौत, चार घायल

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भूपेन्द्र मेहता, उपनिरीक्षक आरती समेत कोतवाली और एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


ख़बर शेयर करे -