कोबरा गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो विदेशी नागरिक समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करे -

20 लाख रुपये की कोकीन बरामद, देहरादून की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में होनी थी सप्लाई

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर थाना पुलिस ने कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी पैडलरों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की कोकीन बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ तस्कर राजपुर क्षेत्र में होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने राजपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान जोहड़ी रोड के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से 9.15 ग्राम अवैध कोकीन बरामद हुई। वहीं मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के निकट एक कार सवार आरोपी से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 20.92 ग्राम कोकीन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूडान निवासी माइकल इक्का मेकसन (25 वर्ष), लेविकिरी वानिकी (24 वर्ष) तथा जावेद आलम (37 वर्ष), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कोकीन दिल्ली से लाकर देहरादून में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

See also  हल्द्वानी_पुलिस एक महीने तक अब चलाएगी यह नया अभियान

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इससे पहले भी कोबरा गैंग से जुड़े 13 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में दून पुलिस 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


ख़बर शेयर करे -