राशन कार्ड सत्यापन अभियान में बड़ा खुलासा, पांच दिन में 189 अपात्र कार्डधारक चिन्हित

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान में लगातार बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। पांचवें दिन इंद्रानगर प्रथम, इंद्रानगर द्वितीय, शांतिनगर तथा 25 एकड़ झोपड़पट्टी क्षेत्र में घर-घर जाकर किए गए सत्यापन के दौरान 136 राशन कार्डों की जांच की गई,

जिनमें 19 सफेद और दो पीले राशन कार्ड समेत कुल 21 कार्डधारक अपात्र पाए गए। इसके साथ ही पांच दिनों में अपात्र पाए गए राशन कार्डधारकों की संख्या बढ़कर 189 पहुंच गई है। विभाग ने सभी अपात्र कार्डधारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देशन में गठित चार टीमें लगातार क्षेत्र में घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन कर रही हैं।

अभियान के तहत लाभार्थियों की आर्थिक स्थिति, रोजगार, आय के स्रोत तथा अन्य पात्रता मानकों की गहन जांच की जा रही है, ताकि सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक ही सीमित रह सके।

सत्यापन के दौरान ऐसे कई परिवार चिन्हित हुए हैं, जिनके सदस्य निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों अथवा अन्य व्यवसायों से जुड़े होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्र राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे तथा संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार अब तक कुल 1834 राशन कार्डों का सत्यापन किया जा चुका है, जिनमें 189 सफेद एवं पीले राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए हैं। लगातार बढ़ रही अपात्र लाभार्थियों की संख्या से खाद्य सुरक्षा योजना में व्याप्त अनियमितताओं की परतें खुलती नजर आ रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र के सभी राशन कार्डों का सत्यापन पूरा होने तक अभियान जारी रहेगा।

See also  आईपीएल में टीम बनाने का विवाद फायरिंग तक जा पहुंचा दो गिरफ्तार - पढ़ें यह दहशत भरी खबर

स्वेच्छा से भी जमा हो रहे राशन कार्ड

क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि राशन विक्रेताओं के माध्यम से कई परिवार स्वेच्छा से अपने सफेद एवं पीले राशन कार्ड जमा करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो परिवार अब पात्रता की श्रेणी से बाहर हो चुके हैं, वे स्वयं अपने राशन कार्ड जमा कर दें। सत्यापन में अपात्र पाए जाने पर राशन कार्ड निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।


ख़बर शेयर करे -