कैंचीधाम में जाम से मिलेगी राहत, जल्द शुरू होगा भवाली-सैनिटोरियम-रातिघाट बाईपास मार्ग

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल/भवाली – श्रीकैंची धाम में मेले एवं अन्य अवसरों पर लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए निर्माणाधीन भवाली-सैनिटोरियम-रातिघाट बाईपास मार्ग का सोमवार को कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रातिघाट क्षेत्र में अल्मोड़ा हाईवे को बाईपास मार्ग से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे वैली ब्रिज का निरीक्षण किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि मार्ग में सड़क कटान का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा वैली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन दिनों के भीतर पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक परीक्षणों के उपरांत बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

कुमाऊं आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवनिर्मित रातिघाट मोटर मार्ग पर समतलीकरण, साइनेज, सुरक्षा बैरियर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों से संबंधित सभी कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं, ताकि मार्ग श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक बन सके।

इसके उपरांत आयुक्त ने श्रीकैंची धाम मंदिर परिसर में चल रहे पार्किंग एवं माला मार्ग निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मानस मंदिर माला योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पार्किंग स्थल का जायजा लेते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि यहां लगभग 330 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक पार्किंग विकसित की जा रही है। पार्किंग का दो मंजिला ढांचा तैयार हो चुका है और फिलहाल 180 वाहनों की पार्किंग क्षमता उपयोग के लिए उपलब्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए जा रहे पाथवे का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है तथा कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। वहीं पार्किंग परिसर से संबंधित ब्रिज का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।

See also  राज्य की मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में भारत नेपाल सीमा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा वर्चस्व बैठक आयोजित हुई

अधिकारियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि पार्किंग एवं अन्य निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। आयुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, दिव्यांशु, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रत्नेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -