वीकेंड और NEET परीक्षा को लेकर हल्द्वानी-काठगोदाम में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर दिनभर रोक

हल्द्वानी। आगामी वीकेंड और NEET परीक्षा को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने 20 और 21 जून 2026 को हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था दोनों दिन प्रातः 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि भारी वाहनों का आवागमन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

वीकेंड और NEET परीक्षा को लेकर हल्द्वानी-काठगोदाम में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर दिनभर रोक

जारी यातायात योजना के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। जनपद सीमा के भीतर से आने वाले भारी वाहनों को नंबर-01 बैंड के पीछे सड़क के बाईं ओर, एचएमटी क्षेत्र तथा सलड़ी चौकी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट के अंदर पार्क कराया जाएगा।

मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय इलाकों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार स्थित पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर डिवाइडर, खेड़ा चौकी तथा कालाढूंगी रोड पर लामाचौड़ के समीप रोका जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने पर्यटक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नरीमन तिराहा, काठगोदाम के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर तिराहा, दिनेशपुर मोड़, एनएच-109, लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गोलापार रोड से होकर नरीमन तिराहा पहुंचेंगे।

रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से डायवर्ट कर मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।

इसके अतिरिक्त 20 एवं 21 जून को सब्जी, दूध, ईंधन समेत आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।

पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर लौटने वाले पर्यटक वाहन नरीमन तिराहा से गोलापार रोड के रास्ते अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। वहीं शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों को आने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-01 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम, मंगोली होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन, परीक्षार्थियों एवं पर्यटकों से निर्धारित यातायात योजना का पालन करने तथा यात्रा से पूर्व रूट की जानकारी प्राप्त कर ही प्रस्थान करने की अपील की है।