
लालकुआं – लालकुआं क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले एक बुजुर्ग की लंगूर की टक्कर से हुई मौत के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा और आक्रामक बंदरों को पकड़ने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी मोहम्मद इदरीश (69 वर्ष) शुक्रवार तड़के अपने मित्रों के साथ डॉर्बी फील्ड में मॉर्निंग वॉक के लिए जा रहे थे।
बताया जाता है कि जब वह वार्ड नंबर-3 स्थित सड़क से डॉर्बी फील्ड की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक विशालकाय लंगूर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए हमले से संतुलन बिगड़ने पर मोहम्मद इदरीश सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोहम्मद इदरीश वर्ष 2015 में सेंचुरी पेपर मिल से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों और लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए आक्रामक बंदरों को पकड़ने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

