सीलिंग, नजूल और दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को बिजली कनेक्शन देने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – सीलिंग भूमि, नजूल भूमि एवं ट्रांजिट कैंप की दानपत्र भूमि पर वर्षों से रह रहे परिवारों को विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में जारी आदेशों को निरस्त करते हुए जिला मुख्यालय क्षेत्र की सभी आवासीय कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग की।

ज्ञापन में वर्ष 2023 में तत्कालीन जिलाधिकारी तथा 2025 में सचिव विकास प्राधिकरण द्वारा जारी आदेशों को निरस्त करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन आदेशों के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को आज भी विद्युत संयोजन नहीं मिल पा रहा है।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान अनेक परिवार बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने से सैकड़ों परिवारों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए प्रतिबंधात्मक आदेशों को समाप्त कर लोगों को राहत दी जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विभिन्न वार्डों तथा आसपास की मलिन बस्तियों में हजारों परिवार दानपत्र भूमि पर वर्षों से निवास कर रहे हैं। स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और रजिस्ट्री नहीं होने के कारण उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। वहीं फाजलपुर मेहरोला क्षेत्र की प्रीत विहार, तराई विहार, लोक विहार, बराड़ नगर, अपना इंक्लेव सहित अन्य कॉलोनियों में रहने वाले कई परिवार भी भूमि संबंधी प्रतिबंधों के चलते विद्युत सुविधा से वंचित हैं।

See also  महिला वन दरोगा के उत्पीड़न मामले में इस अधिकारी को किया गया निलंबित-आदेश जारी

ज्ञापन में मांग की गई कि सीलिंग, नजूल और दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रखा जाए। साथ ही इन परिवारों को मालिकाना हक प्रदान करने तथा संबंधित भूमि को फ्रीहोल्ड किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इस दौरान संजीव गुप्ता, संजय ठुकराल, ब्रजेन मंडल, ललित बिष्ट, रामकुमार गुप्ता, संजय कुमार, कुंवर पाल कोली, हिम्मत राम कोली, उनैजा फातमा, विमला देवी, सुनीता, ममता, कलावती, आशिया अंसारी, नाजमा, नेहा, रूबीना, शमीला, मेहनाज बी, विवेक, अंजुम, राहुल, यासमीन, काव्या, बाबू राम, फैसल, रूबल कौर, दीपक, रेशमा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -