
चमोली। सिक्किम में एनएचपीसी की टनल परियोजना में हुए हादसे में उत्तराखंड के एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चमोली जनपद के पीपलकोटी क्षेत्र स्थित गुनियाला गांव निवासी प्रवीन नेगी के रूप में हुई है। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया गया कि प्रवीन नेगी हाल ही में सिक्किम में एनएचपीसी की सुरंग निर्माण परियोजना में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। परियोजना के दौरान हुए हादसे में उनकी जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है।
प्रवीन नेगी अपने सरल, मिलनसार और कर्मठ स्वभाव के लिए जाने जाते थे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एचसीसी की मायापुर-पीपलकोटी परियोजना से अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न रेलवे और निर्माण परियोजनाओं में अपनी सेवाएं देते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया।
प्रवीन नेगी के निधन पर क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

