उत्तराखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, बागेश्वर में स्कूल बंद

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि 27 जुलाई (सोमवार) को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और कुछ स्थानों पर अति तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार, 27 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी अनुराधा पाल के निर्देश पर यह निर्णय विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर सहित कई जिलों में ऑरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने तथा नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका भी व्यक्त की गई है।

राज्य प्रशासन ने नागरिकों से मौसम खराब रहने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए संवेदनशील रह सकते हैं, इसलिए सतर्कता और सावधानी बरतना आवश्यक है।

See also  बेटी ने मायके से उड़ाए लाखों के ज़ैवर, पढ़े ख़बर ऐसे हुआ खुलासा

ख़बर शेयर करे -