वायरल वीडियो पर गरमाई सियासत, सुमित हृदयेश बोले—‘एआई से तैयार फेक वीडियो से माहौल बिगाड़ने की कोशिश’

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के दौरान धार्मिक नारों से जुड़े कथित वायरल वीडियो को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा की ओर से वीडियो को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने पलटवार करते हुए इसे फेक और एआई से तैयार किया गया वीडियो बताया है।

सुमित हृदयेश ने कहा कि वायरल वीडियो में छेड़छाड़ कर धार्मिक नारे दिखाए जा रहे हैं, जबकि रैली स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्य रूप से ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि रैली के दौरान उनके द्वारा धार्मिक उद्घोष किया गया था, लेकिन उसका उद्देश्य किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नारा लगाना नहीं था।

विधायक सुमित ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के स्वागत के दौरान उन्होंने उत्तराखंड की धार्मिक आस्था से जुड़े गोल्ज्यू देवता और बाबा नीम करौली महाराज का उल्लेख किया था। उनका कहना है कि कार्यक्रम के दौरान उनके द्वारा लगाए गए धार्मिक उद्घोष इन्हीं आस्थाओं से जुड़े थे।

सुमित हृदयेश ने भाजपा नेताओं पर वायरल वीडियो के जरिए माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सफल रैली के बाद भाजपा में बौखलाहट और घबराहट है। इसी कारण एआई तकनीक से तैयार किए गए कथित फेक वीडियो का सहारा लेकर नफरत का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा इस मुद्दे को लेकर किए जा रहे विरोध और पुतला दहन को राजनीतिक प्रतिक्रिया करार दिया। विधायक ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में तथ्यों की पुष्टि किए बिना किसी वीडियो को आधार बनाकर माहौल खराब करना उचित नहीं है।

See also  लॉकडाउन की अफवाह पर सरकार सख्त, हरदीप पुरी बोले— “कोई प्रस्ताव नहीं”

ख़बर शेयर करे -