खेत में कई दिन पुराना शव मिलने से सनसनी, युवक के शरीर पर मिले चोट के निशान

रामनगर – हिम्मतपुर ब्लॉक के गेट नंबर 64 के पास एक खेत में कई दिन पुराना शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गाजियाबाद निवासी 30 वर्षीय अर्जुन पुत्र सुनील के रूप में हुई है। बताया गया कि अर्जुन हिम्मतपुर क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने घर गया था और 27 अगस्त को वापस रेस्टोरेंट पहुंचा था। इसके बाद वह वहां से कहीं चला गया और वापस नहीं लौटा।

बृहस्पतिवार सुबह गेट नंबर 64 के पास स्थित खेत से आसपास के लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। मौके पर जाकर देखने पर खेत में युवक का शव पड़ा मिला। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी होगी और टक्कर के बाद वह सड़क से छिटककर समीप स्थित खेत में जा गिरा होगा। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

बताया गया है कि मृतक के तीन बच्चे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी शोक का माहौल है।