
हल्द्वानी – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार को तहसील हल्द्वानी के एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक हुई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों और समस्याओं का निस्तारण किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि SIR को लेकर प्रत्येक सोमवार को राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक की जा रही है। सोमवार को हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित ERO की मौजूदगी में पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा की गई और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
बारिश से प्रभावित मतदाताओं को अतिरिक्त अवसर
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बारिश के कारण प्रभावित हुई प्रक्रिया और कुछ मतदाताओं के हियरिंग में उपस्थित नहीं हो पाने का मुद्दा उठाया। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 6, 7 और 8 सितंबर की सुनवाई में किसी कारण से शामिल नहीं हो पाने वाले मतदाताओं को अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 7 से 9 सितंबर तक निर्धारित हियरिंग के बाद भी जो मतदाता उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए 10 और 11 सितंबर को अतिरिक्त अवसर उपलब्ध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्तर पर हियरिंग की तिथि बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनवाई जारी है।
2.35 लाख नोटिसों पर 100 फीसदी सुनवाई पूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि जिन लोगों को SIR के तहत नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे अपनी समस्या संबंधित ARO (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) के समक्ष रख सकते हैं। किसी भी समस्या के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार जिले में कुल 6,93,325 मतदाताओं में से जारी किए गए 2,35,000 नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी की जा चुकी है। SIR-2026 की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका, एसडीएम कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत कांग्रेस से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती, भाजपा से दिनेश खुलबे और बहादुर सिंह नगदली तथा बसपा से हरिश चंद सिनोली सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

