
हल्द्वानी – बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। मामले की अगली सुनवाई को लेकर कंप्यूटर जनरेटेड सूची में 17 सितंबर 2026 की तारीख दिखाई दे रही है। ऐसे में प्रकरण से जुड़े पक्षों और क्षेत्रवासियों की निगाहें अब अगली सुनवाई पर टिक गई हैं।
रेलवे भूमि से संबंधित यह मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। हर सुनवाई को लेकर बनभूलपुरा क्षेत्र में विशेष सतर्कता रहती है। बुधवार को प्रस्तावित सुनवाई को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने भी पहले से सुरक्षा संबंधी तैयारियां की थीं।

बनभूलपुरा में पुलिस रही अलर्ट
संवेदनशीलता को देखते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई थी। पुलिस की ओर से ड्रोन और अन्य माध्यमों से क्षेत्र की निगरानी की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों ने चेकिंग और फ्लैग मार्च किया।
पुलिस-प्रशासन की ओर से लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अगली सुनवाई पर टिकी नजरें
बुधवार को सुनवाई नहीं होने के बाद अब कंप्यूटर जनरेटेड लिस्ट में सामने आई 17 सितंबर की संभावित तारीख को लेकर क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि मामले की आगे की कानूनी स्थिति और न्यायालय की कार्यवाही अगली सुनवाई में ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस-प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही गई है। क्षेत्रवासियों से भी संयम बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की गई है।

