जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से अंतिम विदाई

हल्द्वानी – जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग, प्रशासन और मीडिया जगत में छाया शोक रविवार को उनकी अंतिम विदाई के दौरान और गहरा हो गया। 12 सितंबर की दोपहर हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया था। उनके निधन से सहकर्मियों, पत्रकारों और परिचितों में गहरा दुख है।

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। रविवार सुबह उनके बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1 स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा करीब आठ बजे रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। गमगीन माहौल में बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

चित्रशिला घाट पर आयोजित अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम, संपादक कमलेश भट्ट समेत जिले के पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में परिचित एवं शुभचिंतक चित्रशिला घाट पहुंचे। सभी ने दिवंगत गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उपस्थित लोगों ने कहा कि सहज, विनम्र और मिलनसार स्वभाव के गिरिजा शंकर जोशी का व्यवहार सभी के साथ आत्मीय रहा। उनके आकस्मिक निधन से सूचना विभाग और मीडिया जगत ने एक सहयोगी एवं संवेदनशील अधिकारी को खो दिया है।

आज मीडिया सेंटर में होगी शोकसभा

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोकसभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी।