
हल्द्वानी – अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, नैनीताल की ओर से वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी के सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंक्वेट हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि परिषद की उपाध्यक्ष शांति मेहरा रहे। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष इं. भुवन भास्कर पांडे ने की।
पौधारोपण से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों द्वारा पौधारोपण से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् का गायन किया गया। समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। महिलाओं ने गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों को सम्मान
समारोह में समिति के पांच वयोवृद्ध सदस्यों, तीन विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों, समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को माला, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
बुजुर्गों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
सांस्कृतिक कार्यक्रम में एमएस सेवा संस्थान के बच्चों ने ‘बेटी हिंदुस्तानी’ समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता पाठ और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं। सभी सांस्कृतिक कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
योजनाओं की दी जानकारी
जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने वरिष्ठजनों को समाज की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए उनके अनुभवों से सीख लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। अध्यक्ष के धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक परिषद के पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

