हस्तांतरण से पहले एसएसपी ने परखी थाना बेतालघाट की व्यवस्थाएं

सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी, बैरकों और जन-सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बेतालघाट – नवनिर्माणाधीन थाना बेतालघाट भवन के हस्तांतरण से पूर्व बुधवार को नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने थाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्यों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर और भवन में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही थाना भवन के प्रत्येक कक्ष की स्पष्ट पहचान के लिए सभी कमरों में नेम प्लेट लगाने को कहा।

थाना परिसर की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने बाउंड्री वॉल पर कंटीले तारों की फेंसिंग कराने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए। वहीं भूमि कटाव की समस्या से बचाव और परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक आठ फीट की दूरी पर बांस के पौधे लगाने के निर्देश थानाध्यक्ष बेतालघाट को दिए गए।

पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष बैरकों में उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने बैरकों में तत्काल एग्जॉस्ट फैन लगाने को कहा, ताकि हवा का उचित निकास बना रहे और पुलिसकर्मियों को बेहतर वातावरण मिल सके।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था द्वारा किए गए कार्य की सराहना भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन के हस्तांतरण से पूर्व सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली विनय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी, सहायक अभियंता जयांक पांडे, प्रधान लिपिक हिमांशु पंत, भवन लिपिक दीपा मिराल, पीआरओ हेमा ऐठानी, ठेकेदार रविंद्र सिंह सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।