
देवद्वार (रामगढ़) – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक के दूरस्थ गांव देवद्वार में हाईस्कूल के इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण के बाद विद्यालय का उद्घाटन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के आठ गांवों के विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने विद्यालय के उद्घाटन पर मंत्री कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
देवद्वार, बडेट, घवेती, कीलोर, झाजर और बजुठिया सहित आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। हाईस्कूल के बाद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालयों में जाना पड़ता था। इससे खासकर छात्राओं को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूरी के कारण कई विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी।
मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था मामला
ग्रामीणों की मांग को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा विद्यालय के उच्चीकरण के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मांग रखी थी। इसके बाद विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया। विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ कक्षा 11 की पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य का प्रयास : कैड़ा
उद्घाटन के अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालय के उच्चीकरण से दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों को अपने आसपास ही आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

