बानना-पिनसेला मोटर मार्ग का निर्माण शुरू, 7.35 करोड़ रुपये होंगे खर्च

भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में पिनसेला गांव को सड़क से जोड़ने की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को बानना से पिनसेला तक 7 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत कर आभार जताया।

सड़क नहीं होने से किसानों को होती थी परेशानी

पिनसेला गांव के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर किसानों को अपनी उपज मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। परिवहन पर अधिक खर्च होने के कारण उनकी आमदनी का बड़ा हिस्सा किराये-भाड़े में खर्च हो जाता था और कृषि उत्पादों का उचित मूल्य मिलना भी मुश्किल होता था।

ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पहले विधायक निधि से इस मार्ग का निर्माण कराया था। इसके बाद मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में शामिल कराया गया। अब सड़क के निर्माण एवं डामरीकरण के लिए 7 करोड़ 35 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू किया गया है।

हर गांव को सड़क से जोड़ना लक्ष्य: कैड़ा

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और खराब मोटर मार्गों पर डामरीकरण कराया जाए। इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा बेहतर होने से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर भीमताल के ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, लीला पलड़िया, विपिन चंद्र, मनोहर पलड़िया, भागीरथी पलड़िया, महेश बेलवाल, गीता देवी, रोहित, संतोष शर्मा, कृष्णा पलड़िया सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।