वीकेंड पर यातायात व्यवस्था को लेकर अलर्ट नैनीताल पुलिस, प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई मुस्तैदी

हल्द्वानी – वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को जाम तथा अन्य असुविधाओं से बचाने के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों, डायवर्जन प्वाइंट्स और पार्किंग स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

 

पुलिस की ओर से हल्द्वानी से नैनीताल, भवाली, कैंची धाम और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए प्रमुख चौराहों के साथ ही पार्किंग और शटल सेवा स्थलों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि पर्यटकों को आवागमन में परेशानी न हो।

यातायात प्लान देखकर यात्रा करने की अपील

नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों, आगंतुकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले पुलिस द्वारा जारी यातायात एवं डायवर्जन प्लान का अवलोकन जरूर कर लें। निर्धारित मार्गों और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा की योजना बनाएं, जिससे अनावश्यक जाम से बचा जा सके और यात्रा सुगम व सुरक्षित बनी रहे।