
हल्द्वानी – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर शनिवार को हल्द्वानी स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने साहसिक नेतृत्व और दृढ़ निर्णयों से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सशक्त पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों का जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि सरदार पटेल का राष्ट्रीय एकता का संदेश और इंदिरा गांधी का देश के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। दोनों नेताओं ने अपने विचारों और कार्यों से देश को नई दिशा दी। वर्तमान पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए।
इस दौरान हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, संजू पाना, शोभा बिष्ट, रेनू तोमर, महेश कांडपाल, गिरीश पांडे, भुवन तिवारी, कौशलेंद्र भट्ट, गोविंद बगड़वाल, विक्की छीमवाल, हरेंद्र क्विरा, संदीप भैसोड़ा, संजू उप्रेती, इंदर बिष्ट, अमित रावत, पार्षद धर्मवीर, शंकर कोहली, उदित करायत, ताहिर भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

