
लंबगांव – यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब के नशे में बस चलाने का मामला सामने आया है। उत्तरकाशी से श्रीनगर जा रही काशी विश्वनाथ सेवा की बस का चालक करीब 55 किलोमीटर तक 28 यात्रियों की जान जोखिम में डालकर वाहन दौड़ाता रहा। लंबगांव में पुलिस चेकिंग के दौरान चालक की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर पुलिस ने बस रुकवाई। जांच में उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बस को सीज कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है। साथ ही उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी भेजी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशी विश्वनाथ सेवा की बस सुबह उत्तरकाशी से श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस जब लंबगांव थाना क्षेत्र के समीप पहुंची तो नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने पूछताछ के बाद अल्कोमीटर से उसकी जांच की, जिसमें चालक के अत्यधिक शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाने की कराई व्यवस्था
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बस को आगे जाने से रोक दिया। बस में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य श्रीनगर तक पहुंचाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि बस चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन आयुक्त को संस्तुति भेजी गई है।
बस में चालक और परिचालक सहित कुल 30 लोग सवार थे, जिनमें 28 यात्री शामिल थे। सभी यात्री अलग-अलग स्थानों के रहने वाले थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों ने तत्परता दिखाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सराहना की।

