देहरादून_फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का सदस्य अमित गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई 

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल असली लाइसेंस के रूप में किया जा रहा था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार, बाहरी राज्यों से फर्जी तरीके से शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उन्हें उत्तराखण्ड में फर्जी एनओसी के आधार पर पंजीकृत कराने की सूचना मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए थाना क्लेमनटाउन, देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने अमित यादव पुत्र डालचंद यादव, निवासी हनुमंत रेजीडेंसी, शिमला बाईपास, देहरादून को लकड़मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि संबंधित लाइसेंस अमृतसर (पंजाब) से जारी दिखाया गया था, लेकिन सत्यापन में यह पूरी तरह फर्जी पाया गया। वर्ष 2017 में इसे देहरादून के जिलाधिकारी कार्यालय की शस्त्र पंजिका में दर्ज कराया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बड़े स्तर पर बाहरी राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाकर उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में पंजीकृत कराए गए हैं। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी लाइसेंस धारकों की तलाश में जुट गई है।

एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मामले में आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

See also  तीर्थराज पुष्कर की दिव्य भूमि पर नतमस्तक हुए सीएम धामी, ब्रह्मा मंदिर में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।


ख़बर शेयर करे -