हल्द्वानी_बनभूलपुरा पुनर्वास प्रक्रिया: फॉर्म भरने को लेकर समाजसेवी ज़ियाउद्दीन कुरैशी की अहम अपील, समय से करें जमा

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – बहुचर्चित बनभूलपुरा बनाम रेलवे प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत चल रही पुनर्वास प्रक्रिया को लेकर समाजसेवी ज़ियाउद्दीन कुरैशी ने सभी प्रभावित परिवारों से महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति के लिए फॉर्म भरना और समय पर जमा करना बेहद आवश्यक है, ताकि किसी भी पात्र परिवार को पुनर्वास योजना का लाभ लेने से वंचित न रहना पड़े।

 

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई थी, जिसे अब प्रशासन द्वारा एक दिन के लिए बढ़ाकर 1 अप्रैल शाम 5:00 बजे तक कर दिया गया है। ऐसे लोग जिनका फॉर्म स्टाम्प या नोटरी के कारण जमा नहीं हो पाया है, वे कल स्टाम्प बनवाकर और नोटरी कराकर समय से अपना फॉर्म अवश्य जमा कर दें।

कुरैशी ने आगे कहा कि पुनर्वास शिविर के अंतिम दिन रिकॉर्ड संख्या में फॉर्म जमा हुए हैं। दोपहर 3:30 बजे तक ही 6300 से अधिक फॉर्म जमा हो चुके थे, जो प्रारंभिक अनुमान से काफी अधिक हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि प्रभावित परिवारों की वास्तविक संख्या पहले के अनुमान से ज्यादा हो सकती है।

उन्होंने बताया कि पहले लगभग 4300 परिवारों का आंकड़ा सामने आया था, जबकि करीब 8 से 9 हज़ार फॉर्म वितरित किए गए थे। कई लोगों द्वारा फॉर्म गलत भरने के कारण दोबारा फॉर्म लेने की स्थिति भी सामने आई है, जिससे वितरण और जमा के आंकड़ों में अंतर दिख रहा है।

समाजसेवी ज़ियाउद्दीन कुरैशी ने सभी प्रभावितों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की लापरवाही न करें और अंतिम तिथि से पहले अपने सभी दस्तावेज पूरे कर फॉर्म जमा करें। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया भविष्य के पुनर्वास और अधिकारों से सीधे जुड़ी हुई है, इसलिए सभी लोग गंभीरता दिखाएं।

See also  BIG NEWS_ हल्द्वानी मे पुलिस ने एक साथ 45 लोगो को भेजा जेल-पढ़े पूरी ख़बर

ख़बर शेयर करे -