उत्तराखंड में तेज धूप से बढ़ी तपिश, 16 अप्रैल से मौसम में फिर बदलाव के आसार

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – उत्तराखंड में बीते दिनों हुई बारिश के बाद मिली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। पिछले तीन-चार दिनों से शुष्क मौसम के चलते प्रदेशभर में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय हल्की गुलाबी ठंड जहां राहत दे रही है, वहीं दिन में तेज धूप लोगों को झुलसा रही है।

मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर

राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। दिन चढ़ने के साथ तापमान में इजाफा हुआ, जिससे कुछ दिन पहले तक मिली ठंडक अब गायब हो गई है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही में भी कमी देखने को मिली।

पहाड़ों में मौसम का बदला रूप

पिथौरागढ़ जनपद के निचले क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहा, जबकि मुनस्यारी के उच्च हिमालयी इलाकों में दोपहर बाद 6000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात हुआ। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलने से हल्की ठंडक बनी हुई है।

वहीं धारचूला क्षेत्र में भी दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई।

16 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 14 और 15 अप्रैल को आसमान साफ रहने से तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि 16 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जिससे एक बार फिर हल्की ठंड और गुलाबी सर्दी का अहसास लौट सकता है।

See also  भाजपा नेता डॉ यशपाल रावत के नेतृत्व में राम भक्तों ने निकाली भव्य शोभा यात्रा.....

ख़बर शेयर करे -