कुमाऊँ में टैक्स चोरी का बोलबाला, उधम सिंह नगर बना पारगमन अड्डा — विभागीय कार्रवाई नदारद

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – कुमाऊँ क्षेत्र में टैक्स चोरी का खेल खुलेआम जारी है, और चौंकाने वाली बात यह है कि विभागीय अधिकारी सबकुछ जानते हुए भी कार्रवाई से परहेज़ कर रहे हैं।

उधम सिंह नगर से होकर गुजरने वाला यह मार्ग कुमाऊँ का सबसे व्यस्त व्यावसायिक रास्ता है, जहाँ से प्रतिदिन सैकड़ों मालवाहक ट्रक गुजरते हैं। बावजूद इसके, डिप्टी कमिश्नर एसआईबी, प्रवर्तन एवं सचल दल की मौजूदगी के बावजूद टैक्स चोरी का सामान धड़ल्ले से क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, कई ट्रांसपोर्ट कंपनियां और व्यापारी सीमावर्ती इलाकों से बिना वैध ई-वे बिल और जीएसटी चालान के माल हल्द्वानी, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ तक भेज रहे हैं। विभाग के पास जांच तंत्र मौजूद होने के बावजूद अब तक किसी बड़ी कार्रवाई का अभाव गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय व्यापारियों ने भी विभाग की ढिलाई पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ईमानदार व्यापारी टैक्स चुकाते हैं, जबकि कुछ लोग अधिकारियों की मिलीभगत से चोरी का माल सस्ते में बेचकर बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा पैदा कर रहे हैं।

राजस्व विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से राज्य को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। अब ज़रूरत है कि डिप्टी कमिश्नर एसआईबी और प्रवर्तन दल उधम सिंह नगर मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाकर टैक्स चोरी पर सख्त अंकुश लगाएं, ताकि कुमाऊँ में राजस्व सुरक्षा और व्यापारिक पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।


ख़बर शेयर करे -
See also  ब्यूराखाम में कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी को जनता का जबरदस्त समर्थन,शहर में बदलाव के लिए आपका एक वोट जरूरी: ललित जोशी