
लालकुआं में 85 करोड़ का अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट निर्माणाधीन, निरीक्षण में गुणवत्ता पर जोर
दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा सीधा लाभ, नए प्लांट से बढ़ेगी संग्रहण और प्रसंस्करण क्षमता
लालकुआं में बन रहा आधुनिक दुग्ध प्लांट, निरीक्षण में संतोष
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं में 85 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का 27 फरवरी 2026 को औचक निरीक्षण किया गया। डेरी विकास विभाग के निदेशक अशोक कुमार जोशी ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य प्रगति की समीक्षा की और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई। साथ ही मशीनरी स्थापना, तकनीकी तैयारियों और डेरी विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
उत्पादन क्षमता में होगी वृद्धि
नए प्लांट के शुरू होने के बाद दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इससे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में डेयरी उद्योग को नई मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान दूध, पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उत्पादन इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग व्यवस्था को संतोषजनक बताया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और शुद्ध उत्पाद पहुंच सकें।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने आधुनिक मशीनरी की शीघ्र स्थापना पर जोर दिया, ताकि प्लांट का संचालन समय पर प्रारंभ हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक संजय उपाध्याय, सामान्य प्रबंधक यूसीडीएफ आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, सामान्य प्रबंधक दुग्ध संघ अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी लैब रमेश आर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


