
रूद्रपुर – भारत में मैगी की 50 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा के अवसर पर नेस्ले इंडिया द्वारा एक विशेष स्मारक डाक टिकट जारी किया गया। यह डाक टिकट जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं नेस्ले इंडिया पंतनगर के प्लांट प्रबंधक अमित दुग्गल द्वारा संयुक्त रूप से जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में अनावरण किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि यह स्मारक डाक टिकट मैगी की उस प्रेरणादायक विकास यात्रा को समर्पित है, जिसने समय के साथ कदम मिलाते हुए खुद को एक लोकप्रिय खाद्य ब्रांड के रूप में स्थापित किया और पीढ़ियों से लोगों को एक साथ जोड़ने का कार्य किया है। मैगी न केवल एक उत्पाद, बल्कि भारतीय घरों में साथ होने और सुकून के पलों का प्रतीक बन चुकी है।
नेस्ले इंडिया पंतनगर के प्लांट प्रबंधक अमित दुग्गल ने कहा कि बीते पाँच दशकों में मैगी ने नूडल्स और मसालों से आगे बढ़ते हुए सॉस, सूप और रेडी-टू-कुक जैसे कई उत्पादों के माध्यम से भारतीय रसोइयों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
झटपट बनने वाले भोजन से लेकर परिवार को साथ बैठाने वाले व्यंजनों तक, हॉस्टल के साधारण किचन से लेकर बड़े पारिवारिक आयोजनों तक, मैगी देशभर में अनगिनत यादगार भोजन पलों का हिस्सा रही है। “50 ईयर्स ऑफ टुगेदरनेस” स्मारक डाक टिकट इन्हीं साझा अनुभवों, अपनापन और जुड़ाव को दर्शाता है।
डाक टिकट के शुभारंभ पर नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी ने कहा कि भारत जैसे विविधतापूर्ण और जीवंत देश में किसी ब्रांड का पाँच दशकों तक लोगों का भरोसा बनाए रखना एक बड़ी उपलब्धि है।
यह उपभोक्ताओं के विश्वास, स्नेह और रोज़मर्रा के जुड़ाव का प्रमाण है। मैगी ने समय के साथ बदलते स्वादों और पीढ़ियों के बीच एक मजबूत भावनात्मक रिश्ता बनाया है, जो हर वर्ष और अधिक सशक्त होता गया है। उन्होंने कहा कि नेस्ले इंडिया आगे भी देशभर के लोगों के जीवन में गर्माहट, सुकून और साथ होने के पलों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, नेस्ले इंडिया के वरिष्ठ प्रबंधक विशाल गर्ग, खनन अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य गणमान्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


