हल्द्वानी नगर निगम में शुरू हुआ आधार सेवा केंद्र, नागरिकों को मिलेगी बड़ी सुविधा,महापौर ने किया उद्घाटन

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – शहरवासियों को आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी नगर निगम कार्यालय में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। बुधवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने फीता काटकर इस केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया।

नगर निगम में इस सुविधा के शुरू होने से अब नागरिकों को आधार से संबंधित कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। लोग एक ही स्थान पर नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक संशोधन करा सकेंगे।

इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के लोगों को अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं सरल और त्वरित तरीके से एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आधार सेवा केंद्र शुरू होने से आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस केंद्र के माध्यम से नई आधार पंजीकरण और आधार अपडेट से संबंधित सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। महापौर ने नगरवासियों से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में भी नागरिकों की सुविधा के लिए इस प्रकार की सेवाओं का विस्तार किया जाता रहेगा।


ख़बर शेयर करे -
See also  "रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी की दिशा में ले जाने के लिए इंदौर जैसी पहल होगी, विकास का नया अध्याय लिखेंगे : विकास शर्मा"