
हल्द्वानी – घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी और व्यावसायिक उपयोग की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी परगना अधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखें। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग, जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार, थानाध्यक्ष और पूर्ति निरीक्षकों को शामिल करते हुए संयुक्त क्विक रिस्पांस टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह टीम किसी भी शिकायत की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी।
जिलाधिकारी ने स्थानीय सूचना तंत्र को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाने पर भी जोर दिया है।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या व्यावसायिक उपयोग पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती के बाद गैस की कालाबाजारी में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।



