हल्द्वानी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एजेंसियों के साथ बैठक

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने और गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कार्यालय हल्द्वानी में गैस एजेंसियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में गैस वितरण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान विभिन्न गैस एजेंसियों से उपभोक्ताओं की संख्या और गैस वितरण से संबंधित विस्तृत जानकारी ली गई। कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के प्रबंधक ने बताया कि उनके यहां कुल 30,578 उपभोक्ता पंजीकृत हैं।

फरवरी माह में 19,734 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि जनवरी में यह संख्या लगभग 21,000 रही। वहीं मार्च माह में 10 तारीख तक करीब 5,200 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा चुकी है। अन्य गैस एजेंसियों से भी वितरण से जुड़ी पूरी जानकारी ली गई।

बैठक में यह भी सामने आया कि पिछले दो दिनों से ऑनलाइन गैस बुकिंग में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि SDMS सॉफ्टवेयर और IVRS ऐप के ठीक से काम न करने के कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि लंबे समय से निष्क्रिय पड़े गैस कनेक्शन यदि अचानक सक्रिय होकर बुकिंग कराने लगते हैं तो उनके माध्यम से कालाबाजारी की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने के निर्देश दिए गए।

See also  दूधिया रोशनी से चमका ट्रांजिट कैम्प मुख्य मार्ग,महापौर ने किया नई लाईटों का शुभारम्भ

बैठक में क्षितिज गैस एजेंसी, केएमवीएन, आशीर्वाद गैस एजेंसी, बिष्ट गैस एजेंसी, ज्वाला गैस एजेंसी और सरमज गैस एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -